National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

केरल में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सहयोगी गुरुमूर्ति गिरफ्तार, UAPA के तहत केस दर्ज

a
admin
14 नवंबर 2026 | 12:56 pm IST
Featured Image

केरल के पलक्कड जिले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित संबंधों के आरोप में 27 वर्षीय गुरुमूर्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मुंबई में फिल्मी सितारों की तस्वीरें खींचकर उन्हें गिरोह के संदिग्ध सदस्यों के साथ साझा करता था। इसके अलावा वह फिल्मी कलाकारों की गतिविधियों और उनकी आवाजाही पर भी नजर रखता था। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

ओट्टापलम से हुई आरोपी की गिरफ्तारी

आरोपी गुरुमूर्ति मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। उसे त्रिशूर सिटी पुलिस की विशेष टीम ने बृहस्पतिवार रात ओट्टापलम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय वह स्थानीय थाना क्षेत्र में स्थित दूध के एक बूथ पर काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, केरल आने से पहले वह महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित भरत खंडिवेली वेस्ट इलाके में रह चुका था।

मुंबई में फिल्मी सितारों पर रखता था नजर

पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरुमूर्ति कथित तौर पर मुंबई में फोटोग्राफर के रूप में काम करता था। इस दौरान वह फिल्मी सितारों की तस्वीरें खींचने के साथ उनकी गतिविधियों और आवाजाही पर भी नजर रखता था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह इन तस्वीरों और कलाकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को विदेश में मौजूद बिश्नोई गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाता था। इसके बदले गिरोह के सदस्य तमिलनाडु के उदुमलपेट में उसकी पत्नी के बैंक खाते में पैसे भेजते थे।

पत्नी के बैंक खाते की भी होगी जांच

पुलिस के मुताबिक, केरल में बिश्नोई गिरोह से कथित रूप से जुड़े कुछ लोगों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को त्रिशूर ईस्ट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।

शुक्रवार को अदालत ने गुरुमूर्ति को पुलिस हिरासत में सौंप दिया। अब पुलिस उसे जांच के सिलसिले में तमिलनाडु के उदुमलपेट ले जाने की तैयारी कर रही है। साथ ही उसकी पत्नी के बैंक खाते का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है, ताकि गिरोह से कथित वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिल सके।

यूएपीए के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने बताया कि देशभर में बिश्नोई गिरोह से जुड़े हत्या, हत्या के प्रयास, वसूली और अन्य आपराधिक मामलों में गुरुमूर्ति की कथित भूमिका की जांच की जा रही है। इसके लिए उससे विस्तार से पूछताछ और अन्य सबूत जुटाना जरूरी है।

इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 18 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह धारा आतंकवादी गतिविधियों की साजिश रचने या उन्हें अंजाम देने में सहायता करने से संबंधित है।

जांच में एटीएस और केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल

पुलिस के अनुसार, गुरुमूर्ति पिछले कई महीनों से ओट्टापलम में रह रहा था और वहीं काम कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) से भी मदद मांगी गई है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी साझा की जाएगी।