वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी को पूरी तरह खत्म करने और गरीबी से बाहर निकल चुके लोगों को दोबारा इस स्थिति में जाने से रोकने के लिए वित्तीय सेवाओं, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल लोगों को गरीबी से बाहर निकालना नहीं, बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति को स्थायी रूप से मजबूत बनाना भी है।
विश्व बैंक की रिपोर्ट में 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने का दावा
सीतारमण ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदम उठाए हैं। सरकार ने स्पष्ट परिणामों और जरूरतों के अनुरूप तैयार योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया है।
वित्त मंत्री ने सोशल मीडिया मंच लिंक्डइन पर एक पोस्ट में लिखा कि गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी तक सीमित नहीं है। यदि किसी परिवार के पास सुरक्षित आवास, स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा नहीं है, तो आय बढ़ने के बावजूद उसकी आर्थिक स्थिति असुरक्षित बनी रहती है। उन्होंने कहा कि परिवार में किसी एक सदस्य की बीमारी भी वर्षों की बचत खत्म कर सकती है और उसे दोबारा गरीबी में धकेल सकती है।
सरकारी योजनाएं बन रहीं परिवारों के लिए सुरक्षा कवच
वित्त मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर परिवारों को आर्थिक जोखिमों से बचाने का काम कर रही हैं। इन योजनाओं से घरेलू खर्च में कमी आई है और लोगों का समय भी बच रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन के अगले चरण में उन लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालना है, जो अब तक सबसे निचले पायदान पर हैं। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि जो लोग पहले ही गरीबी से बाहर आ चुके हैं, वे अपनी आर्थिक प्रगति बनाए रखें और दोबारा पीछे न लौटें।
वित्त और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक पहुंच बढ़ाने पर जोर
सीतारमण ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के बाद अब वित्तीय सेवाओं, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक उनकी पहुंच बढ़ाने की जरूरत है।
विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहनों, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप कार्यक्रमों के जरिए शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर रही है। वहीं, बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश से देश के विभिन्न हिस्सों को आपस में जोड़ने में मदद मिल रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। सुरक्षा योजनाएं परिवारों को दोबारा गरीबी में जाने से बचाती हैं, लेकिन आर्थिक रूप से आगे बढ़ने के लिए उन्हें रोजगार और कमाई के नए अवसर भी मिलने चाहिए।
मुद्रा, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा से मिल रहे अवसर
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से वित्तीय अवसरों का विस्तार किया है। इस योजना के तहत 60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें लगभग दो-तिहाई खाते महिलाओं के हैं।
इसके अलावा पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक सहायता एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।
अंत्योदय के सिद्धांत पर सरकार का जोर
सीतारमण ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारत में गरीबी उन्मूलन के लिए अस्थायी राहत देने के बजाय गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में बुनियादी बदलाव हुआ है।
उन्होंने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर की बुनियादी जरूरतों और अभावों को दूर करने का प्रयास किया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के उन लोगों तक भी पहुंचे, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।







