National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

UP Voter List: विशेष अभियान में 5.59 लाख नए आवेदन

a
admin
26 अक्टूबर 2026 | 09:53 am IST
Featured Image

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को अवसर देने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे बीएलओ

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे। इस दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही, लोगों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।

उन्होंने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

कई जिलों के अधिकारियों को प्रयास तेज करने के निर्देश

नवदीप रिणवा ने गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता पंजीकरण के लिए और अधिक प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से आगामी विशेष अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।

मतदाता सूची में नाम जांचने की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने बताया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।

ऑनलाइन भी ले सकते हैं मदद

मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक मतदाता सेवा पोर्टल और ECINET ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, इन माध्यमों पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिए बूथ स्तर के अधिकारी से संपर्क करने में भी मदद मिल सकती है।