ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता में आने से रोकने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाने को तैयार है। शामली जिले के कैराना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की सरकार बनने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि वह योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते नहीं देखना चाहते।
BJP को रोकने के लिए विपक्ष से सहयोग को तैयार AIMIM
ओवैसी ने कहा कि यदि अन्य विपक्षी दलों का भी उद्देश्य भाजपा को सत्ता से बाहर रखना है, तो AIMIM उनके साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के संभावित राजनीतिक समीकरणों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विपक्ष पर अल्पसंख्यकों के मुद्दे नहीं उठाने का आरोप
AIMIM प्रमुख ने विपक्षी दलों पर अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के कार्यकाल में मस्जिदों को गिराए जाने और कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ की घटनाएं जारी हैं, लेकिन विपक्ष इन मुद्दों पर पर्याप्त आवाज नहीं उठा रहा है।
वंचित वर्गों की समस्याओं पर गंभीरता दिखाने कीअपील
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की प्राथमिकता केवल अपने मतदाताओं तक सीमित रह गई है। उनके अनुसार, विपक्ष अल्पसंख्यकों और अन्य वंचित वर्गों की समस्याओं को उठाने में विफल रहा है।
ओवैसी ने कहा कि यदि विपक्षी दल वास्तव में भाजपा को सत्ता से बाहर रखना चाहते हैं, तो उन्हें अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करना होगा। उन्होंने संकेत दिया कि साझा राजनीतिक उद्देश्य के आधार पर उनकी पार्टी विपक्षी दलों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है।







