National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

HDFC Capital और DivyaSree Developers मिलकर बनाएंगे ₹1,500 करोड़ का आवासीय प्रोजेक्ट

a
admin
2 नवंबर 2026 | 12:17 pm IST
Featured Image

नई दिल्ली, 2 नवंबर। रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश और विकास को बढ़ावा देने के लिए HDFC Capital ने बेंगलुरु की रियल एस्टेट कंपनी DivyaSree Developers के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां मिलकर भारत में 1,500 करोड़ रुपये का आवासीय मंच स्थापित करेंगी। इस मंच के माध्यम से बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में आवासीय परियोजनाओं का अधिग्रहण और विकास किया जाएगा।

अगले 3 से 4 वर्षों में विकसित होंगी परियोजनाएं

DivyaSree Developers ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि इस साझेदारी के तहत कंपनी को अगले तीन से चार वर्षों के दौरान आवासीय परियोजनाओं के अधिग्रहण और विकास के लिए पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी। इन परियोजनाओं से करीब 6,750 करोड़ रुपये का संभावित राजस्व मिलने की उम्मीद है।

आवासीय क्षेत्र में निवेश के बेहतर अवसर: HDFC Capital

HDFC Capital Advisors Ltd. के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विपुल रूंगटा ने कहा कि भारत का आवासीय रियल एस्टेट क्षेत्र संस्थागत निवेश के सहयोग से लगातार विकास के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। शहरी बाजारों में बेहतर गुणवत्ता वाले घरों की लगातार बनी मांग इस क्षेत्र को मजबूती दे रही है।

उन्होंने कहा कि DivyaSree Developers के पास रियल एस्टेट विकास का व्यापक अनुभव, बाजार की गहरी समझ और गुणवत्तापूर्ण कामकाज के प्रति प्रतिबद्धता है।

आवासीय कारोबार के विस्तार में मिलेगी मदद

DivyaSree Developers के चेयरमैन एवं CEO भास्कर एन. राजू ने कहा कि यह साझेदारी कंपनी को अपने आवासीय कारोबार के विस्तार की योजना को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।

दक्षिण भारत में मजबूत मौजूदगी रखती है कंपनी

DivyaSree Developers दक्षिण भारत की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल है। कंपनी का कारोबार वाणिज्यिक और आवासीय रियल एस्टेट के अलावा परिसंपत्ति प्रबंधन, आतिथ्य, सह-निवास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी फैला हुआ है।

वहीं, HDFC Capital, HDFC Bank Ltd. की अनुषंगी कंपनी और HDFC समूह की रियल एस्टेट निजी इक्विटी इकाई है। कंपनी मुख्य रूप से किफायती और मध्यम आय वर्ग के आवासों के विकास के लिए वित्तपोषण उपलब्ध कराती है।