National Thoughts Logo
National Thoughts
AWebPortalOfPositiveJournalism

3 नवंबर का इतिहास: सोवियत संघ ने लाइका को अंतरिक्ष में भेज रचा इतिहास

a
admin
3 नवंबर 2026 | 11:44 am IST
Featured Image

नई दिल्ली, 3 नवंबर। सभ्यता की शुरुआत से ही इंसान की जिज्ञासा ने उसे नए-नए आविष्कार करने के लिए प्रेरित किया है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कई चीजें ईजाद करने के बाद उसने आसमान छूने के लिए हवाई जहाज बनाया और फिर अंतरिक्ष की अनंत गहराइयों को जानने के लिए अंतरिक्ष यान तैयार किया। लेकिन अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने की उसकी जिज्ञासा यहीं नहीं रुकी।

मानव रहित अंतरिक्ष यान भेजने के बाद इंसान यह जानना चाहता था कि अंतरिक्ष में आखिर क्या है। खुद किसी इंसान को वहां भेजने का जोखिम उठाने से पहले जीवित प्राणी को अंतरिक्ष में भेजने का फैसला किया गया। इसी क्रम में तत्कालीन सोवियत संघ ने 3 नवंबर 1957 को लाइका नाम की मादा श्वान को अंतरिक्ष में भेजा। वह अंतरिक्ष की यात्रा करने वाली पहली जीवित प्राणी बनी। इस प्रयोग ने आगे चलकर इंसान के अंतरिक्ष में जाने का रास्ता तैयार करने में अहम भूमिका निभाई।

3 नवंबर की अन्य महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाएं

देश और दुनिया के इतिहास में 3 नवंबर की तारीख कई महत्वपूर्ण घटनाओं और महान हस्तियों के जन्मदिन के लिए दर्ज है। इनका सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है—

1618: छठे मुगल बादशाह औरंगजेब का जन्म हुआ। उन्होंने भारतीय उपमहाद्वीप पर आधी सदी से भी अधिक समय तक शासन किया। उनके शासनकाल में मुगल साम्राज्य अपने विस्तार के चरम पर पहुंचा।

1838: मुंबई से ‘द बॉम्बे टाइम्स एंड जर्नल ऑफ कॉमर्स’ का पहला अंक प्रकाशित हुआ। 1850 में यह दैनिक समाचार पत्र बना और 1861 में इसका नाम बदलकर ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ कर दिया गया।

1903: पनामा ने कोलंबिया से आजादी की घोषणा की।

1906: भारतीय सिनेमा और रंगमंच के दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर का जन्म हुआ। अपने शानदार अभिनय और बुलंद आवाज से उन्होंने कई किरदारों को यादगार बनाया। इनमें ‘अलेक्जेंडर द ग्रेट’ और ‘मुगल-ए-आजम’ खास तौर पर उल्लेखनीय हैं।

1911: लुई शेवरले और विलियम सी. डुरंट ने डेट्रॉयट में शेवरले मोटर कार कंपनी की शुरुआत की।

1933: अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन का जन्म हुआ।

1947: जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में भारतीय सेना और पाकिस्तानी कबायली हमलावरों के बीच युद्ध हुआ। इसी लड़ाई में मेजर सोमनाथ शर्मा शहीद हुए। वह भारत के पहले परमवीर चक्र विजेता बने।

1950: एयर इंडिया की फ्लाइट 245 (मालाबार प्रिंसेस) फ्रांस के मोंट ब्लांक पर्वत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी 48 लोगों, जिनमें 40 यात्री और आठ क्रू मेंबर शामिल थे, की मौत हो गई।

1957: सोवियत संघ ने लाइका नाम की मादा श्वान को अंतरिक्ष में भेजा। वह अंतरिक्ष में पहुंचने वाली पहली जीवित प्राणी बनी।

1992: राष्ट्रपति पद के चुनाव में एच. डब्ल्यू. बुश को हराकर डेमोक्रेटिक पार्टी के बिल क्लिंटन अमेरिका के 42वें राष्ट्रपति बने।

2004: अफगानिस्तान में राष्ट्रपति पद के लिए हुए पहले चुनाव में हामिद करजई को विजेता घोषित किया गया।

2014: 11 सितंबर 2001 के आतंकवादी हमलों में तबाह हुए न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की जगह बने नए परिसर को खोला गया।

2019: माली में एक सैन्य ठिकाने पर आतंकवादी हमला हुआ, जिसमें 54 लोगों की मौत हो गई।

2021: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक बस खाई में गिर गई। हादसे में 23 लोगों की जान चली गई।

2022: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध मार्च के दौरान पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया। इस हमले में उनके पैर में गोली लगी।

2023: ईरान के एक नशामुक्ति केंद्र में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए।

2024: युगांडा के एक शरणार्थी शिविर में चर्च पर आकाशीय बिजली गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई।

2025: उत्तरी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें 26 लोगों की मौत हुई और 1,172 लोग घायल हुए। भूकंप से ऐतिहासिक ब्लू मॉस्क को भी नुकसान पहुंचा।