बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए धमकी भरा फोन कॉल मिलने से फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुषार कपूर ने तुरंत मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। हालांकि, मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में यह कॉल फर्जी होने का संदेह जताया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, तुषार कपूर को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। फोन करने वाले ने अपनी पहचान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के रूप में बताई। धमकी मिलने के बाद अभिनेता ने बिना देरी किए पुलिस से संपर्क किया।
मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। पुलिस अब कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से फर्जी कॉल का शक
मुंबई क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने तुषार कपूर को आए धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की। पुलिस ने कॉल में सुनाई दी आवाज की तुलना अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से की।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों ऑडियो रिकॉर्डिंग की आवाज आपस में मेल नहीं खाती है। इसी वजह से शुरुआती जांच में पुलिस को संदेह है कि धमकी भरा कॉल फर्जी हो सकता है।
पुलिस को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया हो। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसने यह धमकी भरी रिकॉर्डिंग भेजी थी।
बॉलीवुड की कई हस्तियां भी रह चुकी हैं निशाने पर
इससे पहले भी बॉलीवुड की कई हस्तियों को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ा है। इनमें सलमान खान, रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह और टाइगर श्रॉफ जैसे नाम शामिल हैं।
तुषार कपूर को मिली ताजा धमकी ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे तुषार कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो तुषार कपूर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे। अहमद खान के निर्देशन और नीरज वोरा की लेखनी से जुड़ी इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पटानी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, फरीदा जलाल, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, यशपाल शर्मा और अक्षरा सिंह सहित कई कलाकार हैं।
‘गोलमाल 5’ में भी आएंगे नजर
तुषार कपूर जल्द ही रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘गोलमाल 5’ में भी दिखाई देंगे। ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। पहली फिल्म में अजय देवगन, तुषार कपूर, अरशद वारसी और शरमन जोशी के साथ रिमी सेन और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में थे।
इसके बाद इस फ्रेंचाइजी की चार फिल्में रिलीज हुईं। इनमें 2008 में ‘गोलमाल रिटर्न्स’, 2010 में ‘गोलमाल 3’ और 2017 में ‘गोलमाल अगेन’ शामिल हैं।
इन फिल्मों में अजय देवगन, अरशद वारसी और तुषार कपूर लगातार नजर आए। वहीं, संजय मिश्रा, व्रजेश हीरजी और मुकेश तिवारी भी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। श्रेयस तलपड़े तीन फिल्मों में, जबकि कुणाल खेमू और जॉनी लीवर दो फिल्मों में दिखाई दिए।
अब ‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की एंट्री से दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।






