बॉलीवुड, 4 नवंबर। बॉलीवुड के दबंग अभिनेता सलमान खान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ (Matrubhoomi: May War Rest in Peace) को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह की नई जोड़ी नजर आ रही है। दोनों कलाकार गाने में रोमांटिक अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।
इस गाने की खास बात यह है कि सलमान खान ने खुद इसके लिए अपनी आवाज दी है। करीब 11 साल बाद वह किसी फिल्म के लिए प्लेबैक सिंगिंग करते नजर आ रहे हैं। इससे उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में सलमान-चित्रांगदा की रोमांटिक केमिस्ट्री
हाल ही में रिलीज हुए इस गाने में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की नई जोड़ी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल और संगीत साजिद खान ने दिए हैं। इसकी कोरियोग्राफी सीज़र गोंसाल्विस ने की है। गाने को सलमान खान और मुस्कान ने अपनी आवाज दी है।
इसके संगीत में जॉन हंट ने ड्रम, रॉबिन फरगोज ने ट्रम्पेट, कल्याण बरुआ ने इलेक्ट्रिक गिटार और बास तथा मार्क पारख ने पियानो बजाया है। रिदम रट्टा ने तालीम स्टूडियो में वोकल्स रिकॉर्ड किए, जबकि एडेल परेरा ने गाने की एडिटिंग की है।
11 साल बाद सलमान खान की प्लेबैक सिंगिंग में वापसी
सलमान खान ने इससे पहले वर्ष 2015 में फिल्म ‘हीरो’ के लिए ‘मैं हूं हीरो तेरा’ गाना गाया था। इस फिल्म में सूरज पंचोली और अथिया शेट्टी नजर आए थे। अब करीब 11 साल बाद सलमान ने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ के जरिए एक बार फिर प्लेबैक सिंगिंग की दुनिया में वापसी की है।
गाने की रिलीज की घोषणा करते हुए सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “रवाना होने का समय सुबह 5:12 बजे। फ्लाइट समय पर है, 2 पेग अंदर हैं और मैं अपनी ‘सेक्सी ब्यूटी’ के साथ उड़ान भर रहा हूं- पता नहीं कहां लैंड करूंगा।”
गाना रिलीज होने के कुछ ही घंटों में यूट्यूब पर इसे 1.18 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था। सलमान के प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी गाने पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और इसकी तारीफ की।
फिल्म के अब तक रिलीज हो चुके हैं पांच गाने
‘मातृभूमि’ के अब तक पांच गाने रिलीज हो चुके हैं। इनमें टाइटल ट्रैक ‘मातृभूमि’, ‘मैं हूं’, ‘चांद देख लेना’, ‘जय हिंद’ और नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ शामिल हैं। फिल्म के गानों को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्सुकता बनी हुई है।
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी है फिल्म
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ एक सैनिक ड्रामा फिल्म है। इसका निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का पहला लुक और टीजर सामने आने के बाद से ही यह दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अब नए गाने की रिलीज ने फिल्म को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।






