राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे चरण के तहत बृहस्पतिवार, 5 नवंबर को 27 जिलों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। इस चरण में 3,716 ग्राम पंचायतों में चुनाव कराया जा रहा है।
3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव
इस चरण में कुल 3,716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव प्रक्रिया के लिए 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चार चरणों में पूरी हो रही चुनाव प्रक्रिया
राजस्थान में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न कराई जा रही है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले तीन चरणों का मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर और 3 नवंबर को हो चुका है।
वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए पहले दो चरणों का मतदान 24 अक्टूबर और 30 अक्टूबर को संपन्न हुआ था। इन चरणों के बाद उप-सरपंच पदों के लिए चुनाव 25 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को कराए गए थे।
नवंबर में होंगे अगले चरण के चुनाव
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उप-सरपंच पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव 6 नवंबर को होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को कराया जाएगा।
इसके बाद 16 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 17 नवंबर को उप-सरपंच चुने जाएंगे।
20 नवंबर को होगी मतगणना
चारों चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान की मतगणना 20 नवंबर को की जाएगी। इसके बाद जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव 25 और 26 नवंबर को होंगे।
वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप-प्रधान के चुनाव क्रमशः 27 और 28 नवंबर को संपन्न कराए जाएंगे। इस तरह नवंबर के अंत तक राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।






